मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है. दोनों बाइक से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे. इसी दौरान झीलया नदी के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी
रांचीः बुढ़मू थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों की जान ले ली. चौकी टॉड के पास झीलया नदी के समीप हुए इस हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. गुस्साए ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया और इस मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही बंद करने की मांग की.
बाइक से जा रहे थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के दूंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है. दोनों युवक बाइक से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे. इसी दौरान झीलया नदी के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रक की चपेट में आ युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक मां भगवती ट्रांसपोर्ट, कुमडांग का बताया जा रहा है.
हर दिन गुजरते हैं सैकड़ों भारी वाहन, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे की सूचना पर बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. उधर, दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया. उनका कहना था कि इस मार्ग पर कोयला लदे सैकड़ों भारी वाहन रोजाना गुजरते हैं, लेकिन उनकी आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है.
ग्रामीणों का कहना हे कि तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है. उन्होंने साफ कहा कि जब तक इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की व्यवस्था नहीं होती, तब तक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कराने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की.