Skip to main content
Home › National › उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अंतर्गत चुनावी कार्यों की समीक्षा तार्किक विसंगति एवं No Mapping के त्वरित निष्पादन का निर्देश
RanchiNationalJharkhand News Desk

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अंतर्गत चुनावी कार्यों की समीक्षा तार्किक विसंगति एवं No Mapping के त्वरित निष्पादन का निर्देश

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अंतर्गत चुनावी कार्यों की समीक्षा तार्किक विसंगति एवं No Mapping के त्वरित निष्पादन का निर्देश

छठ महापर्व को लेकर तालाबों की साफ-सफाई एवं छठ समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश "सरकारी कार्यालयों में आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित करें अधिकारी, बिचौलियों की भूमिका पर लगे रोक"

रांची:   विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन, निर्वाचन संबंधी अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं सुरक्षित भंडारण तथा आगामी 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रांची जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने SIR-2026 के तहत अब तक संपन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। ऐसे में सभी ERO एवं AERO अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की गहन जांच एवं समीक्षा सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम प्रकाशन के समय किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति नहीं रहे।

उन्होंने निर्वाचन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्राप्त प्रपत्रों, नोटिस, सुनवाई से संबंधित दस्तावेजों, निष्पादन प्रतिवेदनों एवं अन्य निर्वाचन अभिलेखों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित रखा जाए। अभिलेखों का उचित वर्गीकरण, सूचीकरण एवं व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।

"तार्किक विसंगति एवं नो मैपिंग के मामलों का त्वरित निष्पादन करें"

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तार्किक विसंगति (Logical Discrepancy) एवं नो मैपिंग (No Mapping) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए इनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। कार्य निष्पादन के दौरान किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई आने पर तत्काल उनसे संपर्क करें, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।

कार्य में शिथिलता बरतने पर अधिकारियों को शोकॉज, तीन दिनों में सुधार नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी

SIR संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने एलआरडीसी, बुंडू छवि बाला एवं अंचल अधिकारी, बुंडू श्री हंस हेम्ब्रम को शोकॉज करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के AERO को भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया।

EROs को अपने अधीनस्थ कर्मियों द्वारा किए जा रहे SIR संबंधी कार्यों की क्लोज मॉनिटरिंग करने का निर्देश

सभी EROs को अपने अधीनस्थ कर्मियों द्वारा किए जा रहे SIR संबंधी कार्यों की क्लोज मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में फॉर्म-6 के निष्पादन (Disposal) की भी समीक्षा की गई।

छठ महापर्व को लेकर तालाबों की साफ-सफाई एवं छठ समितियों से समन्वय का निर्देश

आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

सरकारी कार्यालयों में आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित करें अधिकारी

बैठक के दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आम आदमी को सरकार की सेवाएं मुख्य रूप से प्रखंड, अंचल, थाना एवं पंचायत स्तर पर प्राप्त होती हैं। इन कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मियों का व्यवहार ही आम जनता के बीच सरकार की छवि निर्मित करता है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान किया जाए।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यालयों में बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगाने तथा आम जनता को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्थानीय थाना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा।

आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में अंचल अधिकारी की होगी जवाबदेही

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आदिवासी भूमि की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले के किसी भी अंचल में आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत अथवा मामला सामने आने पर संबंधित अंचल अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने तथा भूमि संबंधी मामलों की गंभीरता से निगरानी करने का निर्देश दिया।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े प्रशासनिक दायित्वों का भी पूरी तत्परता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।

Share this article