Skip to main content
Home › Infrastructure › कई जिलों की सुरक्षा केवल 35 से 40 कर्मियों के भरोसे है; NDRF की स्थायी तैनाती के 7 साल बाद भी, संसाधनों को लेकर सवाल बने हुए हैं!
DeogharInfrastructureJharkhand News Desk

कई जिलों की सुरक्षा केवल 35 से 40 कर्मियों के भरोसे है; NDRF की स्थायी तैनाती के 7 साल बाद भी, संसाधनों को लेकर सवाल बने हुए हैं!

कई जिलों की सुरक्षा केवल 35 से 40 कर्मियों के भरोसे है; NDRF की स्थायी तैनाती के 7 साल बाद भी, संसाधनों को लेकर सवाल बने हुए हैं!

वर्तमान में यहां लगभग 35 से 40 जवान तैनात रहते हैं, जो देवघर के अलावा दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थिति आने पर रेस्क्यू अभियान चलाते हैं.

देवघर:    लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देश के कई हिस्सों मेंं तैयारियां तेज हो गई हैं. देवघर में भी छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के साथ आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं.

किसी भी अप्रिय परिस्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को अलर्ट मोड पर रखा गया है. लेकिन छठ की तैयारियों के बीच एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या देवघर में मौजूद एनडीआरएफ की एक छोटी टीम संथाल परगना समेत आसपास के कई जिलों की आपदा संबंधी जिम्मेदारियों को पर्याप्त रूप से संभालने में सक्षम है?

2019 में एनडीआरफ कार्यालय की देवघर में शुरुआत हुई थी

दरअसल, देवघर स्थित एनडीआरएफ की 9 बटालियन कार्यालय में सालभर 24 घंटे जवानों की एक टीम उपलब्ध रहती है. वर्ष 2019 में देवघर में स्थायी एनडीआरफ कार्यालय की शुरुआत हुई थी. उसी वर्ष गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद संथाल परगना क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीम की स्थापना की गई थी.

देवघर एनडीआरफ की जिम्मेदारी छह से ज्यादा जिलों की रहती है

वर्तमान में यहां लगभग 35 से 40 जवान तैनात रहते हैं, जो देवघर के अलावा दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थिति आने पर रेस्क्यू अभियान चलाते हैं. जरूरत पड़ने पर बिहार के विभिन्न जिलों में भी इस टीम की मदद ली जाती है.

सीमित संसाधनों में बड़े रेस्क्यू अभियान की जिम्मेदारी

देवघर स्थित एनडीआरएफ कार्यालय में आपदा से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण उपकरण उपलब्ध हैं. इनमें विशेष प्रकार की इन्फ्लेटेबल रबराइज्ड बोट (IRB), 40 हॉर्स पावर की आउटबोर्ड मोटर (OBM) से संचालित रेस्क्यू बोट, दो डीप डाइविंग सेट, लगभग 50 से 60 लाइफ सेविंग जैकेट और लाइफ बॉय उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा बाढ़ और जलभराव जैसी विषम परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए फ्लड वॉटर रेस्क्यू (FWR) उपकरण भी उपलब्ध हैं.

त्रिकुट पहाड़ से सीता होटल हादसे तक, कई चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू में दिखा दम

वर्ष 2019 में देवघर में एनडीआरएफ यूनिट की स्थापना के बाद कई बड़े हादसों और आपात परिस्थितियों में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इनमें त्रिकुट पहाड़ का रोपवे हादसा सबसे प्रमुख है. इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने अपनी सूझबूझ, साहस और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाई थी.

वहीं, वर्ष 2024 में सीता होटल के पास एक मकान के ढहने की घटना के दौरान भी एनडीआरएफ की टीम ने तत्परता दिखाई थी. मलबे में दबे पांच लोगों को जीवित बाहर निकालने में जवानों ने अहम भूमिका निभाई थी. इन घटनाओं ने यह साबित किया कि सीमित संसाधनों के बावजूद देवघर की एनडीआरएफ टीम चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी बचाव अभियान चलाने में सक्षम है.

एक टीम के भरोसे कई जिले

संथाल परगना क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और यहां लगातार सामने आने वाली आपदाओं को देखते हुए देवघर स्थित एनडीआरएफ कार्यालय में जवानों की संख्या बढ़ाने की मांग महत्वपूर्ण हो गई है. क्षेत्र में भारी बारिश, बाढ़, जलाशयों में डूबने की घटनाओं के साथ-साथ खनन गतिविधियों के कारण बने गहरे और कई बार अवैध जलभराव वाले गड्ढों में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, ऐसे में केवल 35 से 40 जवानों के भरोसे इतने बड़े क्षेत्र में प्रभावी आपदा प्रबंधन सुनिश्चित करना आसान नहीं है.

कब तक बढ़ेगी एनडीआरफ जवानों की संख्या

एनडीआरएफ की संगठनात्मक संरचना के अनुसार एक कंपनी में सामान्यतः 90 से 120 जवान होते हैं. वहीं, एक बटालियन में कई कंपनियां शामिल होती हैं. ऐसे में मौजूदा 35 से 40 जवानों की टीम और एक पूर्ण कंपनी की क्षमता के बीच का अंतर इस क्षेत्र में अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता को स्पष्ट करता है.

छठ पर शिवगंगा और नंदन पहाड़ में होगी एनडीआरएफ की तैनाती

इधर, छठ पूजा को देखते हुए एनडीआरएफ ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सीनियर कमांडेंट एच.पी.एस कंडारी के निर्देश पर इंस्पेक्टर चंदन सिंह के नेतृत्व में शिवगंगा और नंदन पहाड़ स्थित जलाशयों के आसपास एनडीआरएफ के जवानों की तैनाती की जा रही है. इसके अलावा देवघर स्थित कार्यालय में एक टीम को 24 घंटे अलर्ट रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया जा सके.

सीमित संसाधनों के बावजूद जवान लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचा रहे हैं. फिलहाल स्थानीय स्तर पर कार्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ जवानों की संख्या बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब देवघर स्थित एनडीआरएफ कार्यालय पर संथाल परगना के छह जिलों के साथ आसपास के अन्य क्षेत्रों की आपदा संबंधी जिम्मेदारी है, तो यहां पर्याप्त संख्या में जवानों की स्थायी तैनाती कब होगी?

Share this article