झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET), 2026 के सफल संचालन को लेकर बैठक हुई संपन्न
लातेहार: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET), 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव की अध्यक्षता में संयुक्त ब्रीफिंग (Joint Briefing) का आयोजन किया गया।* बैठक में परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026 (रविवार) को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। लातेहार जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 बजे से 4:30 बजे तक होगी।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी स्थिति में कदाचार की सूचना नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिये प्रतिनियुक्त स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट विभागीय निर्देशों के अनुरूप कदाचार मुक्त ढंग से परीक्षा का संचालन सुनिश्चित कराएं।
परीक्षा केंद्रों पर कदाचार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच करने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा कक्ष में ले जाने से रोकने का निर्देश दिया गया। मोबाइल फोन, स्मार्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाना वर्जित रहेगा।
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, समय पर दायित्वों का निर्वहन करने तथा परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सतर्कता बरतने, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा परीक्षा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री सलमान जफर खिजरी, डीएलओ श्री प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री दिनेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ श्री सुलेमान मुण्डरी, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री उमेश मंडल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री गौतम कुमार साहू, संबंधित पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।