Skip to main content
Home › Administration › मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश
LateharAdministrationJharkhand News Desk

मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश

मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश

मादक पदार्थों की तस्करी एवं खेती की रोकथाम हेतु उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय (NCORD) समिति की बैठक हुई संपन्न

लातेहार:  उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास 100 मीटर की परिधि में खैनी, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के विरुद्ध निरंतर छापेमारी अभियान चलाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ , थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि पूर्व में जिन स्थानों पर मादक पदार्थों की खेती की पहचान कर उसका विनष्टीकरण किया गया था, उन सभी स्थानों का पुनः निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि खेती के संभावित मौसम को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पूर्व में चिह्नित स्थानों पर दोबारा मादक पदार्थों की खेती तो नहीं की जा रही है। यदि ऐसी गतिविधियां पाई जाती हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने, संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव, अपर समाहर्ता श्री सलमान जफर खिजरी, डीएलओ श्री प्रभात कुमार, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री दिनेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ श्री सुलेमान मुण्डरी, जिला खनन पदाधिकारी श्री नदिम सफी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this article