समीक्षा के क्रम में सभापति ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं लिया जाए, बल्कि उनसे जुड़े जनहित के विषयों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह माननीय विधायक श्री सुरेश पासवान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ परिसदन, जमशेदपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा में माननीय सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के क्रियान्वयन एवं अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित प्रश्नों, उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति तथा संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई।
समीक्षा के क्रम में सभापति ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं लिया जाए, बल्कि उनसे जुड़े जनहित के विषयों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन करने तथा अनुपालन प्रतिवेदन में वस्तुस्थिति की स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सभापति ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न जनता की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए इनके समाधान में विभागीय स्तर पर संवेदनशीलता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा कार्रवाई की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रश्नों के अनुपालन की स्थिति से समिति को अवगत कराया। समिति द्वारा विभागवार समीक्षा के उपरांत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो और विधानसभा में दिए गए आश्वासनों एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन हो।