लोहरदगा: दुर्गा पुजा के अवसर पर आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवतापुर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, लोहरदगा द्वारा पावरगंज चौक, गुदड़ी बाजार, अपर बाजार, महावीर चौक इत्यादि जगहो पर सघन जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान होटलो, रेस्टोरेंटो, मिष्ठान भण्डारों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवता, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गयी। इस अभियान के तहत् मिठाईयों की गुणवता यथा खोवा, पेड़ा, कलाकंद, राजभोग इत्यादि में स्टार्च/अरारोट या मैदा जैसी सस्ती सामग्रियों की मिलावट, मिठाईयों में प्रयोग की जा रही कृत्रिम रंग, कच्चे सामग्रियों की गुणवता इत्यादि की जांच मौके पर ही की जा रही है। इस प्रकार की ऑन स्पॉट जांच में कृत्रिम या एनालॉग पनीर पर विशेष नजर रखी जा रही है। आज दिनांक 13.10.2026 को लगभग एक दर्जन प्रतिष्ठानों में पनीर की जांच की गयी। कही पर भी कृत्रिम / एनालॉग पनीर मिलने की पुष्टि नहीं हुई। निरीक्षण के क्रम में पावरगंज चौक स्थित मेसर्स वर्मा स्वीटस के किचन में काफी गंदगी पायी गयी और सामग्रियों का रख-रखाव संतोषजनक नही पाया गया। इस आलोक में उक्त प्रतिष्ठान संचालक पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत् पांच हजार रूपये का अर्थदण्ड. अधिरोपित किया गया। वही मेसर्स सागर स्वीटस के संचालक को कर्मचारियों के व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा परिसर की स्वच्छता सुदृढ़ करने हेतु सुधार नोटिस के माध्यम से निदेशित किया गया। गुदरी चौक स्थित मेसर्स रूद्रा डेयरी से आशीर्वाद ब्रांड का दूध एवं दही तथा सुधा ब्रांड का दूध का वैधानिक. नमूना संग्रह किया गया जिसे नामकुम स्थित जांच प्रयोगशाला में भेजा जायेगा। इन दूध के नमूनों में फैट की मात्रा एस०एन०एफ, यूरिया की उपस्थिति, कृत्रिम रंगों इत्यादि की जांच की जायेगी। अपर बाजार स्थित मेसर्स वृन्दावन स्वीटस, मेसर्स हॉट एण्ड कोल्ड, मेसर्स जनता जलपान तथा ठेले खोमचे वाले की भी जांच की गयी एवं मिठाईयों का नमूना संग्रह किया गया।

निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 तथा इसके अंतर्गत लागू नियमों एवं विनियमों को अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। पर्व त्योहार के दौरान आमजनो को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तथा खाद्य सुरक्षा मानको के अनुपालन की निगरानी आगे भी चलती रहेगी । इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वानाथ गगराई तथा विभाग के कर्मी मौके पर मौजूद थे।