5 वर्ष से अधिक बकाया ग्रेच्युटी पर 20ः और 5 वर्ष से कम बकाया पर 10ः राशि का भुगतान; पेंशन एवं अक्टूबर माह तक का वेतन भी जारी।
देवघर। आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए देवघर नगर निगम ने अपने कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के हित में महत्वपूर्ण पहल की है। त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा लंबित ग्रेच्युटी, पेंशन एवं वेतन का भुगतान किया गया है।
नगर निगम द्वारा ग्रेच्युटी भुगतान के तहत जिन कर्मचारियों की ग्रेच्युटी राशि पांच वर्ष से अधिक समय से बकाया थी, उन्हें बकाया ग्रेच्युटी राशि का 20 प्रतिशत भुगतान किया गया है। वहीं, पांच वर्ष से कम अवधि से बकाया ग्रेच्युटी वाले कर्मचारियों को बकाया राशि का 10 प्रतिशत भुगतान किया गया है। इस पहल से लंबे समय से अपने बकाया भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त निगम के स्थायी कर्मचारियों का अक्टूबर 2026 तक का वेतन भुगतान कर दिया गया है। वहीं, पेंशनभोगी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सितंबर 2026 तक की पेंशन का भुगतान किया गया है। दैनिक वेतनभोगी (डेली वेज) कर्मियों को भी अक्टूबर 2026 तक का पारिश्रमिक भुगतान कर दिया गया है।
निगम प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों का हित एवं उनके वित्तीय दायित्वों का समय पर निष्पादन निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। शहर की सफाई व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में त्योहारों के अवसर पर उनके बकाया भुगतान का निष्पादन कर उन्हें आर्थिक सहयोग एवं राहत प्रदान करने का प्रयास किया गया है।
नगर निगम की इस पहल से स्थायी कर्मियों, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त पेंशनभोगियों को आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर आर्थिक राहत मिलेगी।