आज जनता दरबार में उस समय एक बेहद प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब सारवां प्रखंड की एक छोटी बच्ची अपनी समस्याओं के बजाय उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया से मार्गदर्शन और बातचीत का समय मांगने पहुँची।
देवघर: आज समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उस समय एक बेहद प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब जिले के सारवां प्रखंड की एक छोटी बच्ची अपनी समस्याओं के बजाय उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया से मार्गदर्शन और बातचीत का समय मांगने पहुँची।
जनता दरबार में बच्ची के इस अनूठे और सकारात्मक प्रयास को देख उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ उससे आत्मीय बातचीत की, बल्कि उसकी हौसला अफजाई भी की। बच्ची से संवाद के दौरान उपायुक्त ने उसकी रुचि और आगे की पढ़ाई को लेकर विस्तार से जानकारी ली। बच्ची के उज्ज्वल भविष्य और उसकी प्रतिभा को सही दिशा देने के उद्देश्य से उपायुक्त द्वारा उसे एक बेहतर कैरियर काउंसिलिंग दी गई, ताकि वह सही राह चुनकर जीवन में आगे बढ़ सके। बातचीत के क्रम में उपायुक्त ने बच्ची से उसकी आगामी परीक्षाओं और भविष्य की तैयारियों के बारे में भी पूछा। उन्होंने बच्ची को पूरी एकाग्रता और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। मुलाकात के अंत में उपायुक्त ने बच्ची की प्रशासनिक समझ और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उसके बेहतर एवं सफल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिय
टाउन हॉल लाइब्रेरी में आयोजित होगा कैरियर काउंसिलिंग सत्र
जिले के बच्चों के भविष्य और उनकी बेहतर राह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने एक बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह में बच्चों की सुविधा के अनुरूप टाउन हॉल लाइब्रेरी में एक वृहद कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है। इस विशेष कैरियर काउंसिलिंग सत्र में जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे। उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार, इस आयोजन में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त तथा अनुमंडल पदाधिकारी देवघर विशेष रूप से शामिल होंगे और बच्चों को आगे बढ़ने व परीक्षाओं की तैयारी करने के महत्वपूर्ण टिप्स देंगे।