Skip to main content
Home › Administration › जन शिकायत निवारण में उपायुक्त संदीप कुमार ने सुनी ग्रामीणों की समस्या, निदान को लेकर दिए कई आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश
LateharAdministrationJharkhand News Desk

जन शिकायत निवारण में उपायुक्त संदीप कुमार ने सुनी ग्रामीणों की समस्या, निदान को लेकर दिए कई आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश

जन शिकायत निवारण में उपायुक्त संदीप कुमार ने सुनी ग्रामीणों की समस्या, निदान को लेकर दिए कई आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश

जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है

लातेहार:  उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया।

जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएँ सुनी एवं अश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जाँच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

जन शिकायत निवारण के दौरान ग्राम इचाक, पो० कुरा निवासी आसिया प्रवीन ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर रोजगार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

आवेदिका ने अपने आवेदन में बताया कि उनके परिवार में आय अर्जित करने वाला कोई सदस्य नहीं है, जिसके कारण परिवार के भरण-पोषण में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार के समक्ष भोजन, दैनिक जरूरतों एवं अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में परेशानी उत्पन्न हो रही है।

आवेदिका ने बताया कि उन्होंने बीए के चौथे सेमेस्टर तक की पढ़ाई की है तथा उन्हें कंप्यूटर का भी ज्ञान है। उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया।

इसी प्रकार अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं तथा लोगों से प्राप्त आवेदन के आलोक में उपायुक्त ने समस्या निदान के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

 जन शिकायत में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएँ को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े शब्दों में निदेशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए , समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करें।

उपायुक्त के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय के सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एंव शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है।

Share this article