197 पुराने मरीजों का फॉलोअप, 43 नए मरीजों को मिला चिकित्सकीय परामर्श; भारत सरकार के अपर सचिव राहुल शर्मा ने मरीजों से संवाद कर जानी पहल की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मिर्गी से पीड़ित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके नियमित उपचार, दवा एवं फॉलोअप को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित विशेष पहल के तहत अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला में जांच, उपचार एवं फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 197 पूर्व से पंजीकृत मरीजों का फॉलोअप किया गया, वहीं 43 नए मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
गुड गवर्नेंस प्रैक्टिस के अंतर्गत इस विशेष पहल के अवलोकन के लिए भारत सरकार के अपर सचिव, आईएएस राहुल शर्मा शिविर में उपस्थित हुए। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद स्थापित कर जिला प्रशासन की इस पहल से उन्हें मिल रहे लाभ, नियमित दवा की उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श एवं फॉलोअप की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा उन्हें नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तथा प्रत्येक माह फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे उन्हें नियमित उपचार जारी रखने और अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में काफी सहूलियत मिल रही है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने मिर्गी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य मिर्गी से पीड़ित मरीजों की पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श, नियमित दवा की उपलब्धता तथा निरंतर फॉलोअप के माध्यम से उन्हें सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नियमित उपचार और चिकित्सकीय निगरानी के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल, विशेषज्ञ चिकित्सक, अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।