जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक (Senior Officers Meeting - SOM) on dated 24/10/2026
राँची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय ब्लॉक-ए सभागार में जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की (Senior Officers Meeting - SOM)। बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं, त्योहारों के सुचारू संचालन तथा प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दुर्गा पूजा के सफल संपादन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष की दुर्गा पूजा में सभी की उल्लेखनीय सहभागिता रही। उन्होंने कहा कि अब आगामी दीपावली, छठ एवं काली पूजा को भी उसी उत्साह, अनुशासन और समन्वय के साथ बेहतर रूप से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं जन सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
बैठक में उपायुक्त ने जिले में संचालित केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र एवं योग्य लाभुकों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे। किसी भी योग्य लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए, इस पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं समयबद्धता अनिवार्य है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने निर्धारित कार्यों का बेहतर से बेहतर संपादन सुनिश्चित करें। कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित न रहे। इसके साथ ही अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सौंपे गए कार्यों की नियमित एवं निरंतर समीक्षा करें, ताकि प्रशासनिक कार्यकुशलता बनी रहे। सभी अधिकारी कर्मी आम जन मानस से अच्छा व्यवहार करें।
उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा की समाहरणालय में कार्यरत सभी पदाधिकारी कर्मी ससमय अपने अपने कार्यालय आए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान करना तथा नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार लाना है।
बैठक में जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।