देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में विशिष्ट पहचान रखने वाले झारखंड के इस पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर और ग्रेनाइट सहित विभिन्न प्रमुख खनिजों की विस्तृत झलक देखने को मिल रही है।
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य सरकार के खान एवं भूविज्ञान विभाग द्वारा प्रदेश की समृद्ध खनिज संपदा और खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में विशिष्ट पहचान रखने वाले झारखंड के इस पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर और ग्रेनाइट सहित विभिन्न प्रमुख खनिजों की विस्तृत झलक देखने को मिल रही है।
माइनिंग टूरिज्म: खनन प्रक्रिया को करीब से जानने का अवसर
राष्ट्रीय मंच पर देश की औद्योगिक प्रगति में अपने योगदान को रेखांकित करते हुए झारखंड ने ‘माइनिंग टूरिज्म’ की अनूठी पहल को भी प्रमुखता से सामने रखा है। झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने इसकी शुरुआत की है। इस पहल के तहत पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कराकर खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र की भूमिका को करीब से देखने और समझने का रोमांचक अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
ऊर्जा सुरक्षा से लेकर रक्षा और ईवी सेक्टर तक में झारखंड के खनिजों की अहम भूमिका
पवेलियन में राज्य के रणनीतिक और औद्योगिक खनिजों की उपयोगिता को भी दर्शाया गया है:
यूरेनियम और लिथियम: परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन यूरेनियम देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जबकि आधुनिक ऊर्जा क्षेत्र का महत्वपूर्ण खनिज लिथियम इलेक्ट्रिक वाहनों (EV), मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों के निर्माण में उपयोग होता है।
बॉक्साइट और बेरिलियम: एल्युमिनियम उत्पादन के प्रमुख कच्चे माल बॉक्साइट का उपयोग परिवहन, निर्माण और विद्युत उपकरणों में होता है। वहीं, हल्की प्रकृति और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण बेरिलियम जैसे रणनीतिक खनिज का इस्तेमाल रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में किया जाता है।
खान एवं भूतत्व विभाग इस आयोजन के माध्यम से न केवल राज्य की प्राकृतिक संपदा का प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि खनिज आधारित उद्योगों में निवेश, मूल्य संवर्धन (Value Addition), रोजगार सृजन और समग्र औद्योगिक विकास की अपार संभावनाओं को भी निवेशकों के सामने पेश किया जा रहा है।