झारखंड में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन फिर तेज होता नजर आ रहा है JPSC-JSSC रिफॉर्म व लंबित नियुक्तियों को लेकर हजारीबाग के गांधी मैदान में हजारों छात्र जुटे हैं CBI जांच से लेकर नई नियोजन नीति छात्रों की मांग में शामिल हैं
रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा सुधार और लंबित नियुक्तियों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. सरकार की वादाखिलाफी और अब तक रिफॉर्म की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज हजारों प्रतियोगी छात्रों ने रविवार को हजारीबाग में छात्र महापंचायत कर सरकार के खिलाफ हुंकार भरी. JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय महापंचायत में विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्रों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की. महापंचायत में छात्रों ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हुए आंदोलन के बाद सरकार की ओर से किए गए वादों पर अमल नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई. छात्रों ने साफ कहा कि जब तक परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और लंबित नियुक्तियों को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान 'अब नहीं तो कब? हम नहीं तो कौन?' के नारों से गांधी मैदान गूंज उठा.
JPSC-JSSC रिफॉर्म को लेकर सरकार के सामने रखीं छह मांगें
महापंचायत की अध्यक्षता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने की, जबकि संचालन जीवन यादव और बिपिन कुमार ने किया. बैठक में छात्रों ने सरकार और आयोग के सामने छह प्रमुख मांगें रखीं.
मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी
महापंचायत में मंच के प्रवक्ता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हुए छात्र आंदोलन के बाद भी सरकार ने रिफॉर्म की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है. छात्रों को लगातार इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि बड़ी संख्या में भर्तियां लंबित हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और आयोग ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो राज्यव्यापी आंदोलन 'उलगुलान 2.0' शुरू किया जाएगा. महापंचायत में मौजूद दर्जनों छात्रों ने भी अपने सुझाव रखे और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए रणनीति बनाने पर जोर दिया.
छात्र महापंचायत के जरिए प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने साफ संदेश दिया कि JPSC-JSSC में सुधार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समय पर नियुक्तियां अब उनके लिए केवल मांग नहीं, बल्कि भविष्य से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुकी हैं.