"हम जल बचाएंगे, जंगल बचाएंगे, संस्कृति बचाएंगे।" लोग ताली बजाते हैं। बुजुर्ग सिर हिलाते हैं। महिलायें साड़ी का पल्लू संभालते हुए सुनती हैं। फिर नेता चला जाता है। मंच उखड़ जाता है। गांव फिर वैसा ही रह जाता है।
सवाल यही है - कहा तो सबने, किया किसने? और कैसे करना है, ये किसी ने बताया ही नहीं।

दरअसल जल, जंगल और संस्कृति को बचाना कोई एक दिन का काम नहीं है। ये नारे से नहीं होगा। ये तब होगा, जब गांव को फिर से गांव होने का एहसास दिया जाएगा।
सिमडेगा के गांवों में कभी ग्राम सभा ही सरकार थी। जंगल की रक्षा के लिए मोहरी था। हर घर से पांच पाईला धान देकर गांव जंगल की रखवाली करता था। मोहरी के पास पूरा हिसाब रहता था - किस पेड़ को काटा गया, किसने काटा, कहां से लकड़ी गई। जंगल गांव का था, इसलिए गांव उसे बचाता था।
फिर धीरे-धीरे जंगल सरकार का हो गया। कागज पर जंगल वन विभाग का हो गया, और गांव जंगल से पराया हो गया। जब अपना ही नहीं रहा, तो बचाएगा कौन? वनरक्षक आया, पर वो गांव में रहता नहीं था। वो महीने में एक बार आता था, और जंगल रोज कटता था।
यही हाल पानी का हुआ। पहले गांव में तालाब था, डोभा था, कुआं था। बारिश का पानी गांव में ही रुकता था। फिर तालाब भर दिए गए, डोभा सूख गए, और पानी की बोतल शहर से आने लगी। अब गांव में पानी के लिए टैंकर की व्यवस्था होती है। जिस गांव में कभी पानी की कमी नहीं थी, वहां आज मार्च में ही कुआं सूख जाता है।
और संस्कृति? संस्कृति तो अखरा में थी। शाम होते ही मांदर बजता था, लड़के-लड़कियां झूमर नाचते थे। अब अखरा खाली है। मांदर बजाने वाले बुजुर्ग रह गए हैं, सीखने वाले नहीं। बच्चे अपनी भाषा कुड़ुख, मुंडारी बोलने में शर्माते हैं। उन्हें लगता है, मंडुआ खाना गरीबी है, मैगी खाना अमीरी है। स्कूल में उन्हें अपनी भाषा नहीं पढ़ाई जाती, अपने पर्वों की कहानी नहीं सुनाई जाती।
तो संस्कृति कहां बचेगी? मंच पर नाच दिखाने से संस्कृति नहीं बचती। संस्कृति तब बचती है, जब बच्चा अपनी मां की भाषा में गाली नहीं, गीत सीखे। जब उसे पता हो कि सरना स्थल में क्यों साल के पेड़ के नीचे ही पूजा होती है। जब उसे पता हो कि महुआ सिर्फ शराब नहीं, जंगल की लक्ष्मी है।
आज सिमडेगा का युवा गांव छोड़कर भाग रहा है। वो इसलिए नहीं भाग रहा कि उसे गांव से नफरत है। वो इसलिए भाग रहा है क्योंकि गांव में उसे काम नहीं मिलता। संस्कृति से उसका पेट नहीं भरता। सोहराई पेंटिंग बनाने वाली महिला को उसके चित्र के 200 रुपये भी नहीं मिलते, वही चित्र शहर में 2000 में बिकता है। महुआ चुनने वाली महिला को महुआ का 20-30 रुपये किलो मिलता है, वही महुआ बाहर जाकर महंगा हो जाता है।
जब तक संस्कृति से रोजगार नहीं जुड़ेगा, युवा वापस नहीं आएगा। और जब तक युवा वापस नहीं आएगा, अखरा नहीं बजेगा।
इसीलिए जल, जंगल, संस्कृति को बचाने का सवाल, असल में गांव को बचाने का सवाल है। गांव को उसका अधिकार वापस देना होगा। गांव को अपने जंगल पर अधिकार चाहिए - जिसे कानून में CFR और CFRR कहते हैं। गांव को अपने पानी पर अधिकार चाहिए - तालाब, डोभा, चेक डैम पर। गांव को अपनी ग्राम सभा पर अधिकार चाहिए - ताकि कोई ठेकेदार बिना ग्राम सभा की अनुमति के गांव से बालू, पत्थर, लकड़ी न ले जा सके।
सिकरियाटांड जैसे गांवों ने यही रास्ता चुना है। दस साल से ज्यादा के संघर्ष के बाद वहां के लोगों ने फिर से अपनी ग्राम सभा समितियों का गठन किया है। उन्होंने कहा है - हमारा गांव, हमारा शासन। ये कोई बड़ी क्रांति नहीं है, ये वही पुरानी व्यवस्था है, जिसे हमारे पूर्वज जीते थे।
नेता भाषण में कहते हैं, जल, जंगल बचाना है। गांव के लोग जमीन पर कहते हैं, हमें हमारा अधिकार दे दो, हम खुद बचा लेंगे।
क्योंकि सिमडेगा के आदिवासी ने कभी जंगल को काटकर नहीं बेचा। उसने जंगल से लिया भी, तो लौटाया भी। उसने महुआ लिया, तो जंगल की रक्षा भी की। उसने पानी लिया, तो तालाब भी बनाया।
आज पूरी दुनिया क्लाइमेट चेंज की बात कर रही है। बड़े-बड़े सम्मेलन हो रहे हैं। लेकिन सिमडेगा का आदिवासी सदियों से वही जीवन जी रहा है, जिसे दुनिया अब सस्टेनेबल लिविंग कह रही है।
फर्क सिर्फ इतना है कि दुनिया बोल रही है, और सिमडेगा जी रहा है।
अब जरूरत इस बात की है कि बोलने वाले, जीने वालों को सुनें। मंच से उतरकर गांव में आएं। पूछें कि गांव को क्या चाहिए। और फिर गांव के साथ मिलकर काम करें।
नहीं तो हर चुनाव में यही होगा - मंच सजेगा, स्वागत गान होगा,

नारा लगेगा, मीट भात होगा, ताली बजेगी, और जंगल कटता रहेगा, पानी सूखता रहेगा, संस्कृति मिटती रहेगी।