उपायुक्त श्री रवि आनंद ने कहा– बाल विवाह सामाजिक कुरीति के साथ-साथ कानूनन गंभीर एवं दंडनीय अपराध, इसकी रोकथाम में सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी
चतरा: 27 नवंबर 2026 को मनाए जा रहे प्रथम International Day for the Elimination of Child, Early and Forced Marriage तथा देशव्यापी ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला समाज कल्याण शाखा, चतरा के तत्वावधान में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में एक दिवसीय जिला स्तरीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त श्री रवि आनंद के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों एवं जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों को जागरूक और सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री रवि आनंद एवं अन्य मंचासीन अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बाल विवाह की रोकथाम में विभागीय समन्वय और सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सत्येंद्र कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री बिरजू तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चतरा श्री सन्नी वर्धन तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिवक्ता, सिमरिया, टंडवा एवं चतरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, समाज कल्याण शाखा के कर्मी, जिला बाल संरक्षण इकाई के सदस्य, नीति आयोग (AVA) के जिला परियोजना सहायक एवं LGSS के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यशाला में 500 से अधिक आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, स्वयं सहायता समूहों की दीदियां, पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव एवं बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी ने भी भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री रवि आनंद ने कहा कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक कुरीति है, बल्कि कानूनन गंभीर एवं दंडनीय अपराध भी है। कम उम्र में विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है तथा उनके भविष्य के अवसरों को सीमित कर देता है। उन्होंने चतरा जिले को पूर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के किसी भी क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल बाल विवाह निषेध पदाधिकारी अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते हस्तक्षेप कर बाल विवाह को रोका जा सके और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न मानते हुए इसे सामूहिक सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री बिरजू तिवारी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सामूहिक प्रयासों से चतरा जिला जल्द ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त होगा। उन्होंने इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने संबोधन में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों, कम उम्र में गर्भधारण से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरों तथा बालिकाओं को शिक्षा से जोड़े रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के दौरान पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को बाल विवाह की पहचान एवं रोकथाम, त्वरित सूचना तंत्र तथा प्रभावित बच्चों के पुनर्वास से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त श्री रवि आनंद ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों के साथ चतरा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने तथा इसके विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली। अंत में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, चतरा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यशाला का समापन बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ हुआ।