उपायुक्त श्री रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चतरा: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल चतरा में जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता सह स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त श्री रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री रवि आनंद ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने झारखंड की समृद्ध लोक कलाए संस्कृति एवं पारंपरिक संगीत विरासत को संरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 45 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक गायन प्रस्तुतियों से सभागार को संगीतमय बना दिया। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों के बीच प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों एवं स्थानीय लोगों ने भी प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन के पश्चात निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इसमें शिवम कुमार पाठक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं चंदन कुमार ने द्वितीय तथा भीम कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शिवम कुमार पाठक आगामी 26 एवं 27 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम राज्य संग्रहालय होटवार रांची में चतरा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय गायन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान एवं लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।