रांची: झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद इन दिनों राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ कृषि आधारित व्यवसाय को बढ़ावा देने में जुटी हुई है. इसके तहत रांची सहित राज्य के सभी जिलों में विपणन पर्षद और बाजार समिति की खाली पड़ी जमीन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया गया है.झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद के अध्यक्ष रवींद्र सिंह के अनुसार इस संबंध में निदेशक मंडल की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद सभी जिलों के बाजार समिति सचिवों को जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन स्थानों पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाया जा सके. अभी तक रांची में डोरंडा, धनबाद में रणधीर वर्मा चौक और कोडरमा में जगह निर्धारित किया गया है. इन स्थानों के जमीन पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग तैयार की जाएगी, जिससे वहां कृषि आधारित व्यवसाय को बढ़ावा मिल सके.
मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहेगी ये सुविधा
इस बहुमंजिला इमारत के निर्माण का उद्देश्य किसानों, व्यापारियों और कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों को आधुनिक सुविधाएं और एक ही छत के नीचे बेहतर विपणन (marketing) वातावरण प्रदान करना है. इस परिसर में आधुनिक ऑफिस, किसान प्रशिक्षण केंद्र और कृषि उपजों के बेहतर प्रबंधन व ई-ट्रेडिंग (e-trading portal) की निगरानी के लिए सेंट्रलाइज्ड सिस्टम की व्यवस्था की जा सकेगी. अत्याधुनिक सुविधा से युक्त इस बहुमंजिला इमारत में कृषि आधारित व्यवसाय के लिए दुकान, हॉल एवं प्रशिक्षण केन्द्र होगा.
रांची के डोरंडा बाजार स्थित करीब 2 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस बिल्डिंग के लिए जल्द ही विपणन पर्षद जमीन की नापी कर कार्य शुरू कराएगा. इसी तरह धनबाद और कोडरमा में प्रारंभिक चरण में कार्य शुरू किए जाएंगे. योजना के तहत मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में बिजली, शौचालय के साथ कृषि संबंधी जानकारी देने के लिए सभी व्यवस्था मुहैया कराया जाएगा, जिससे किसानों को कोई परेशानी न हो.