सिमडेगा।

दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए सिमडेगा विधायक सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूषण बाड़ा दिल्ली पहुंचे। महारैली में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी के. राजू, कांग्रेस कोटे के झारखंड सरकार के सभी मंत्री, सांसद, विधायक सहित देशभर से पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं लाखों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यहाँ जिला परिषद सदस्य सह जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष जोसिमा खाखा सहित सिमडेगा जिले से भी सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान रामलीला मैदान में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। महारैली में शामिल विधायक भूषण बाड़ा और जोसिमा खाखा ने भी पार्टी के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


