Skip to main content
Home › Administration › गंधरिया पंचायत सचिवालय में प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक
ChatraAdministrationJharkhand News Desk

गंधरिया पंचायत सचिवालय में प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक

गंधरिया पंचायत सचिवालय में प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित, युवाओं को नशामुक्ति के प्रति किया गया जागरूक

चतरा:  युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (एमवाई भारत), चतरा द्वारा चतरा सदर प्रखंड के गंधरिया पंचायत सचिवालय में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर प्रखंड स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य श्री चंद्रदेव गोप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि गंधरिया पंचायत की मुखिया श्रीमती अनीता यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर रोजगार सेवक श्री राकेश रंजन एवं समाजसेवी श्री संजय यादव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत, चतरा के जिला युवा अधिकारी श्री धीरेंद्र कुमार ने की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को नशे एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, भविष्य और पारिवारिक जीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समुदाय में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई।

मुख्य अतिथि श्री चंद्रदेव गोप ने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, मुखिया श्रीमती अनीता यादव सहित अन्य अतिथियों ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला युवा अधिकारी श्री धीरेंद्र कुमार ने कहा कि युवा देश की अमूल्य शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, क्षमता एवं सहभागिता का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने नशामुक्ति को जनभागीदारी से जुड़ा अभियान बनाने तथा युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं समुदाय के सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सुश्री उमा कुमारी, श्री रौनक कुमार, श्री जयनाथ कुमार, श्री मनोज कुमार एवं श्री तापेश्वर कुमार यादव ने सक्रिय योगदान दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

Share this article