झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन

सिमडेगा।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सिमडेगा लगातार खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। हॉकी के क्षेत्र में जिले ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। विधायक ने कहा कि सिमडेगा की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कई प्रतिभावान खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर वे देश-दुनिया में जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि असुंता लकड़ा, सुमराय टेटे, सिल्बानुस डुंगडुंग, सलीमा टेटे, दीपिका सोरेंग, ब्यूटी डुंगडुंग जैसी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से सिमडेगा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इन खिलाड़ियों की सफलता जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके संघर्ष, अभिभावकों के सहयोग, प्रशिक्षकों की मेहनत और खेल विभाग के प्रयासों की अहम भूमिका है। जरूरत है कि गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जाए और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। विधायक ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य निर्माण का भी रास्ता है। विधायक ने ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे आदिवासी समाज की पारंपरिक खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि सिमडेगा के प्रत्येक प्रखंड और गांव से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले। मौके पर एसी गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमंत तिर्की, एनडीसी नरेश रजक, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, साबिर खान, अरशद खान, तनवीर ख़ान, डॉ इम्तियाज, रतन केसरी सहित अन्य उपस्थित थे।