Skip to main content
Home › Tribal › पवित्र रात में मां छिन्नमस्तिका की आराधना करने से भक्तों को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और मनोवांछित फल की होती है प्राप्ति, पूरी रात खुले रहे मंदिर के कपाट
RamgarhTribalJharkhand News Desk

पवित्र रात में मां छिन्नमस्तिका की आराधना करने से भक्तों को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और मनोवांछित फल की होती है प्राप्ति, पूरी रात खुले रहे मंदिर के कपाट

पवित्र रात में मां छिन्नमस्तिका की आराधना करने से भक्तों को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और मनोवांछित फल की होती है प्राप्ति, पूरी रात खुले रहे मंदिर के कपाट

मंदिर परिसर के 13 हवन कुंडों में हवन, मंत्रोच्चार और जाप का सिलसिला चलता रहता है. मान्यता है कि इस पवित्र रात में मां की आराधना करने से साधकों को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है.

रामगढ़    दीपावली की रात जब देशभर में लोग अपने घरों में दीप जलाकर मां लक्ष्मी की आराधना करते हैं, उसी रात झारखंड के रामगढ़ स्थित सिद्धपीठ रजरप्पा में आस्था और साधना का एक अलग ही दृश्य देखने को मिला. यहां मां छिन्नमस्तिका का दरबार पूरी रात भक्तों के लिए खुला रहता है. कार्तिक अमावस्या की इस विशेष रात्रि में मां के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में साधक और तंत्र-मंत्र की साधना करने वाले लोग भी पहुंचे थे.

मंदिर परिसर के 13 हवन कुंडों में हवन, मंत्रोच्चार और जाप का सिलसिला चलता रहता है. मान्यता है कि इस पवित्र रात में मां की आराधना करने से साधकों को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है. मां छिन्नमस्तिका मंदिर में दीपावली की रात का नजारा आम दिनों से बिल्कुल अलग रही. रोशनी की रंगीन लड़ियों, फूलों और गुब्बारों से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था.

श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है मंदिर का पट

सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के वरिष्ठ पुजारी सुबोध पंडा बताते हैं कि कार्तिक अमावस्या की रात मंदिर का पट पूरी रात श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. तंत्र-मंत्र की साधना करने वाले साधक भी इस रात को विशेष मानते हैं. मंदिर और पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था.

तंत्र साधना के लिए रजरप्पा सिद्धपीठ श्रद्धालुओं और साधकों में विशेष मान्यता है. असम के कामाख्या मंदिर के बाद रजरप्पा को भी तंत्र साधना के प्रमुख केंद्रों में गिना जाता है. यही वजह है कि कार्तिक अमावस्या की रात यहां बंगाल, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से साधक और श्रद्धालु पहुंचते हैं. मान्यता के अनुसार इस विशेष रात्रि में मां छिन्नमस्तिका की आराधना और साधना का विशेष महत्व है. साधक अपनी परंपरा और मान्यताओं के अनुसार पूजा, जाप और हवन करते हैं.

महत्वपूर्ण मानी जाती है दीपावली की रात

पूरे वर्ष में कार्तिक अमावस्या की यह रात विशेष मानी जाती है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन सच्चे मन से मां के दरबार में मांगी गई मुराद जरूर पूरी होती है. वहीं तंत्र साधना से जुड़े लोगों के लिए भी यह रात महत्वपूर्ण मानी जाती है. मंदिर प्रक्षेत्र में तांत्रिक घाट, दामोदर-भैरवी नदी का संगम स्थल और भंडारीदह को साधना के प्रमुख स्थानों के रूप में देखा जाता है. इन स्थानों पर साधक अपनी मान्यताओं के अनुसार गुप्त रूप से साधना करते हैं.

मां के दरबार में दुबई से पहुंचे श्रद्धालुओं के चेहरे पर भी भक्ति और विश्वास साफ नजर आया. कोई परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर पहुंचा, तो कोई हर वर्ष की तरह मां के दर्शन के लिए पहुंचा था. श्रद्धालुओं का कहना है कि रजरप्पा पहुंचकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है और मां के प्रति उनकी आस्था और मजबूत होती है.

13 हवन कुंडों में की पूजा-अर्चना

दीपावली और काली पूजा की इस विशेष रात मंदिर परिसर के सभी 13 हवन कुंडों में पूजा-पाठ, हवन, जाप और मंत्रोच्चार का सिलसिला चलता रहा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को मां के दर्शन और पूजा-अर्चना में किसी तरह की परेशानी ना हो. झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने रजरप्पा की इस धार्मिक महत्ता को खास बना दिया.

Share this article