आज झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने सिमडेगा जिले का दौरा कर सिमडेगा परिसदन में अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों एवं छात्रावासों से संबंधित विभिन्न विषयों पर जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक की।
इस अवसर पर आयोग के माननीय उपाध्यक्ष श्री प्राणेश सॉलोमन जी एवं माननीय सदस्य श्री रंजीत कुमार मल्लिक जी ने जिले के वित्तपोषित एवं वित्तरहित अल्पसंख्यक विद्यालयों, भाषायी अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों एवं मदरसों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने संस्थानों से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों से आयोग को अवगत कराया।
जनसुनवाई के दौरान विशेष रूप से शिक्षकों के रिक्त पदों, संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य लंबित समस्याओं का विषय प्रमुखता से उठाया गया। आयोग ने जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप लंबित मामलों का शीघ्र एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों से रिक्त पदों एवं अन्य समस्याओं का विस्तृत प्रतिवेदन आयोग को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि राज्य स्तर पर आवश्यक पहल कर समस्याओं के प्रभावी समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके।
जनसुनवाई के उपरांत आयोग की टीम ने केलाघाघ, सिमडेगा स्थित नवनिर्मित अल्पसंख्यक बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। इसके साथ ही भट्टीटोली, सलडेगा, कल्याण नगर, सदर अस्पताल के समीप स्थित 100 शय्या वाले कल्याण विभाग के आदिवासी/अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास के कमरों की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। आयोग ने छात्रावास में रह रही छात्राओं के लिए बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम शीघ्र उठाने के निर्देश दिए।
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त संसाधन एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास करना है। आयोग संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शिक्षण संस्थानों एवं छात्रावासों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य के सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों एवं युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के माननीय उपाध्यक्ष श्री प्राणेश सॉलोमन जी, माननीय सदस्य श्री रंजीत कुमार मल्लिक जी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिमडेगा, जिला शिक्षा अधीक्षक, सिमडेगा, जिला कल्याण पदाधिकारी, सिमडेगा, खूंटी लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी श्री बसंत कुमार लोंगा जी, सिमडेगा विधायक प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।