Skip to main content
Home › Business › 30 नवंबर को आयोजित होगा इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, युवाओं को औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने पर रहेगा विशेष जोर
RamgarhBusinessJharkhand News Desk

30 नवंबर को आयोजित होगा इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, युवाओं को औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने पर रहेगा विशेष जोर

30 नवंबर को आयोजित होगा इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, युवाओं को औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने पर रहेगा विशेष जोर

उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक, विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि हुए शामिल

रामगढ़:      जिले के युवाओं को स्थानीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 30 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय इंडस्ट्री कॉन्क्लेव (Industry Conclave) का आयोजन किया जाएगा।

उक्त कॉन्क्लेव की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा को लेकर आज उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कॉन्क्लेव के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता पर चर्चा करते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), वित्तीय संस्थानों, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित हितधारकों को एक साझा मंच पर लाना है, ताकि उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को समझते हुए युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि रामगढ़ जिले के युवाओं को उनकी योग्यता एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की मांग के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, जिससे उन्हें जिले में ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। इसके लिए उद्योगों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से औद्योगिक प्रतिष्ठानों की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण की संभावनाओं की पहचान की जाएगी। साथ ही युवाओं की तकनीकी दक्षता बढ़ाने, कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योग आधारित बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के स्थायी अवसर सृजित करने को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा आवश्यक मानव संसाधन एवं तकनीकी कौशल से संबंधित जानकारी साझा की जाए, ताकि प्रशिक्षण संस्थान उसी अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित कर सकें। इसके अलावा MSMEs को प्रोत्साहित करने, तकनीकी क्षमताओं के विस्तार तथा वित्तीय संस्थानों के सहयोग से रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित करने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, रामगढ़ श्री आशीष अग्रवाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र (GM-DIC), जिला शिक्षा पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर, आईटीआई गोला, उषा मार्टिन विश्वविद्यालय, रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रतिनिधियों सहित पीवीयूएनएल, सीसीएल, झारखंड इस्पात लिमिटेड, आलोक स्टील एवं अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे इस इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों एवं प्रशिक्षण केंद्रों के बीच समन्वय को मजबूत करते हुए जिले के युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी।

Share this article