Skip to main content
Home › Agriculture › वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीद हेतु जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित, जिसमें 32 धान खरीद केंद्रों को चार राइस मिलों से जोड़ने का निर्णय
LohardagaAgricultureJharkhand News Desk

वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीद हेतु जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित, जिसमें 32 धान खरीद केंद्रों को चार राइस मिलों से जोड़ने का निर्णय

वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीद हेतु जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित, जिसमें 32 धान खरीद केंद्रों को चार राइस मिलों से जोड़ने का निर्णय

बैठक में राइस मिलों के चयन, धान अधिप्राप्ति केंद्रों की टैगिंग, लैम्प्स एवं एफपीओ के चयन तथा प्रखंडवार टैगिंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

लोहरदगा:  उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय में धान अधिप्राप्ति वर्ष 2026-27 के लिए जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राइस मिलों के चयन, धान अधिप्राप्ति केंद्रों की टैगिंग, लैम्प्स एवं एफपीओ के चयन तथा प्रखंडवार टैगिंग सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि चयन हेतु प्राप्त तीन राइस मिलों के प्रस्तावों में किसी भी मिल (Mill ) पर पूर्व का बकाया नहीं है तथा मानक के अनुरूप भंडारण क्षमता भी पर्याप्त है। साथ ही द्वारकाधीश एग्रो, रांची द्वारा भी राइस मिल के रूप में प्रस्ताव प्राप्त है। इस पर समिति द्वारा सर्वसम्मति से कमला राइस मिल, लोहरदगा राइस मिल, श्रेया राइस मिल एवं द्वारकाधीश एग्रो राइस मिल के साथ जिले के 25 लैम्प्स एवं 7 एफपीओ सहित कुल 32 धान अधिप्राप्ति केंद्रों की टैगिंग करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में धान अधिप्राप्ति केंद्रों के रूप में लैम्प्स एवं एफपीओ के चयन, राइस मिलों के चयन तथा प्रखंडवार टैगिंग की प्रक्रिया पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।

उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को धान अधिप्राप्ति के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा भूमि सत्यापन के अभाव में लंबित ई-केवाईसी कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this article