Skip to main content
Home › Tribal › पाकरटांड़ में सामुदायिक वन-संसाधन प्रबंधन समिति (CFRMC) एवं वनाधिकार समिति का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
SimdegaTribalJharkhand News Desk

पाकरटांड़ में सामुदायिक वन-संसाधन प्रबंधन समिति (CFRMC) एवं वनाधिकार समिति का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

पाकरटांड़ में सामुदायिक वन-संसाधन प्रबंधन समिति (CFRMC) एवं वनाधिकार समिति का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

• वन अधिकार और वर्तमान स्थिति का आकलन • केस स्टडी और सामूहिक मंथन

पाकरटांड़ | 12 नवंबर 2026

प्रशिक्षण स्थल- पंचायत-भवन, पाकरतांड

फिया फाउंडेशन (Phia Foundation) के तत्वावधान में 11 एवं 12 नवंबर 2026 को पाकरटांड़ प्रखंड में वनाधिकार समिति (FRC) तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति (CFRMC) के सदस्यों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं प्रायोजन फिया फाउंडेशन श्री समीर किस्पोट्टा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में श्री तुषार कुम्भकार (प्रतिनिधि, FRA Cell - फिया फाउंडेशन, झारखंड अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ी जाति, कल्याण विभाग) ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण शिविर में पाकरटांड़ प्रखंड के विभिन्न गांवों—भुन्दुपानी, सोगड़ा, सिकरियाटांड़, केशलपुर, नानेसेरा, केवनडीह, कैरबेड़ा और पाकरटांड़ से दोनों समितियों के कुल 30 सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

प्रथम दिवस: वन अधिकार और वर्तमान स्थिति का आकलन

प्रशिक्षण के पहले दिन (11 नवंबर) कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के परिचय सत्र से हुई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने पसंदीदा वृक्ष और उनके महत्व पर विचार साझा किए। अधिकांश ग्रामीणों ने फल, फूल, फर्नीचर और आजीविका (आमदनी) के स्रोत के रूप में पेड़ों की उपयोगिता को रेखांकित किया।

इसके पश्चात मुख्य प्रशिक्षक श्री तुषार कुम्भकार द्वारा व्यक्तिगत वन अधिकार (IFR), सामुदायिक वन अधिकार (CFR) तथा सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) की प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सत्र के दौरान ग्रामीणों द्वारा स्थानीय जंगल, जीव-जंतुओं और जल स्रोतों की वर्तमान स्थिति का एक संक्षिप्त आकलन किया गया, जिसमें निम्नलिखित मुख्य निष्कर्ष सामने आए:

  • अंधाधुंध कटाई एवं अन्य कारणों से जंगल के क्षेत्रफल और घनत्व में लगातार कमी आ रही है।
  • वन्य जीव-जंतुओं की संख्या में भारी गिरावट आई है और कई प्रजातियां विलुप्त होने के कगार पर हैं या विलुप्त हो चुकी हैं।
  • जल स्रोतों में कमी आई है तथा भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है।

पहले दिन के अंतिम सत्र में सोगड़ा गांव के सामुदायिक वन-संसाधन प्रबंधन प्लान (CFRMP) की प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को व्यावहारिक प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया गया।

द्वितीय दिवस: केस स्टडी और सामूहिक मंथन

प्रशिक्षण के दूसरे दिन (12 नवंबर) की शुरुआत पहले दिन के सत्रों के पुनरावलोकन के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को वीडियो के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सफल वन प्रबंधन की केस स्टडी दिखाई गई, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर वन संरक्षण की प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम के अगले चरण में प्रतिभागियों को 4 समूहों में विभाजित कर सामूहिक गतिविधि आयोजित की गई। सभी समूहों ने जंगल की प्रमुख समस्याओं, उनके बचाव के उपायों, वन क्षेत्र को बढ़ाने की रणनीतियों और इसमें ग्राम सभा की निर्णायक भूमिका पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने जंगलों से तेजी से घटती जीव-जंतुओं की आबादी और औषधीय जड़ी-बूटियों की दुर्लभता पर गहरी चिंता व दुख व्यक्त किया।

भोजनोपरांत आयोजित सत्र और सामूहिक फोटोग्राफी के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी 30 प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों में जाकर वन संरक्षण और ग्राम सभा को मजबूत करने का संकल्प लिया।

फोटो
फोटो
फोटो
फोटो
फोटो
फोटो
Share this article