लातेहार: जिले में वित्तीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सुलभ बनाने एवं वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 21.10.2026 को उपायुक्त श्री संदीप कुमार ने वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान-2026 का शुभारंभ किया।
यह अभियान 21 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं शहरी स्थानीय निकायों में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न बैंकों के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित कर आम नागरिकों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) के तहत नए बैंक खाते खोलने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) के तहत पात्र लाभुकों का नामांकन, आधार सीडिंग, बैंक खातों का सक्रियण तथा पुनः केवाईसी (Re-KYC) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के तहत आवेदन प्राप्त करने, केसीसी आवेदनों के संतृप्तिकरण, बचत खातों एवं लॉकरों में नामांकन विवरण के अद्यतन, सीकेवाईसी (CKYC) नंबर सृजन तथा लंबे समय से निष्क्रिय एवं बिना दावे वाले बैंक खातों, बीमा और शेयर संबंधी राशि के निपटान के लिए भी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
अभियान के तहत आम नागरिकों को वित्तीय समावेशन योजनाओं एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग वित्तीय सेवाओं से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उपायुक्त श्री संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी वित्तीय समावेशन शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं और स्वयं को विभिन्न वित्तीय योजनाओं से जोड़ें।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉo चंदन, एलडीएम नरेन्द्र श्रीवास्तव, डीआईओ श्री ओमेंद्र सिंह एवं संबंधित उपस्थित थे I