Skip to main content
Home › Administration › भू-अर्जन एवं सड़क परियोजनाओं की समीक्षा में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
LohardagaAdministrationJharkhand News Desk

भू-अर्जन एवं सड़क परियोजनाओं की समीक्षा में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश

भू-अर्जन एवं सड़क परियोजनाओं की समीक्षा में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश

लोहरदगा: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज भू-अर्जन विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कर एनएच-75 अंतर्गत कुडू-उदयपुरा पथ परियोजना, लोहरदगा बाईपास पथ, नदिया-इरगांव-भण्डरा पथ एवं सेन्हा-भण्डरा पथ परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कुडू-उदयपुरा पथ परियोजना दिसंबर तक पूर्ण करने का निर्देश

एनएच-75 अंतर्गत कुडू-उदयपुरा पथ परियोजना की समीक्षा के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि 96 प्रतिशत मुआवजा भुगतान पूर्ण हो चुका है। उपायुक्त ने अक्टूबर माह में शेष रैयतों को अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा भुगतान शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, एनएचएआई के अभियंताओं को दिसंबर 2026 तक जिले में परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

लोहरदगा बाईपास निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

लोहरदगा बाईपास पथ परियोजना की समीक्षा में बताया गया कि 80 प्रतिशत मुआवजा भुगतान पूर्ण हो चुका है। उपायुक्त ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को 15 नवंबर 2026 तक शेष भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया। संबंधित संवेदक को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए परियोजना ससमय पूर्ण करने को कहा गया।

उपायुक्त ने कहा कि बाईपास का निर्माण पूर्ण होने से भारी वाहनों को शहर के बाहर से आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे लोहरदगा शहर में यातायात का दबाव एवं जाम की समस्या कम होगी। इससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

अन्य सड़क परियोजनाओं में भी समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

नदिया-इरगांव-भण्डरा पथ परियोजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रैयतों के मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। वहीं, सेन्हा-भण्डरा पथ परियोजना के संबंध में एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना प्रकाशित कराने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें, ताकि सड़क निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जा सके।

बैठक में अपर समाहर्ता के प्रभार में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला भू अर्जन पदाधिकारी अंगारनाथ स्वर्णकार, सभी अंचल अधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Share this article