ग्राम सभा के अध्यक्षों के साथ बैठक कर कानून के प्रावधानों की दी जाएगी जानकारी, प्रशिक्षण की भी होगी व्यवस्था
सिमडेगा।
पेशा कानून को लेकर कांग्रेस प्रदेश कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो उपस्थित थे। बैठक में पेशा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि कांग्रेस के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की सभी ग्राम सभाओं के अध्यक्षों के साथ बैठक करें। साथ ही उन्हें पेशा कानून के प्रावधानों, अधिकारों और महत्व की विस्तृत जानकारी दें। ताकि ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके। बैठक में सिमडेगा विधायक सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूषण बाड़ा को सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का आब्जर्वर नियुक्त किया गया। उन्हें विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संबंधित लोगों को पेशा कानून का प्रशिक्षण देने और जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि पेशा कानून आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण कानून है। इसके माध्यम से गांवों के लोगों को अपने क्षेत्र के विकास, प्राकृतिक संसाधनों और परंपराओं से जुड़े फैसले लेने में महत्वपूर्ण अधिकार मिलते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि पेशा कानून की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे और ग्रामीण इसके प्रावधानों को समझकर अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें। विधायक ने कहा कि इसके लिए सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र की सभी ग्राम सभाओं के अध्यक्षों के साथ बैठक की जाएगी। उन्हें पेशा कानून के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके बाद ग्राम सभा के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा ग्राम सभाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। पेशा कानून तभी सफल होगा, जब इसकी जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी और ग्राम सभाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
