Skip to main content
Home › Infrastructure › विधायक भूषण बाड़ा और डीसी कंचन सिंह की पहल रंग लाई, केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट निर्माण के लिए मिलेगी पांच करोड़ की राशि
InfrastructureJharkhand News Desk

विधायक भूषण बाड़ा और डीसी कंचन सिंह की पहल रंग लाई, केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट निर्माण के लिए मिलेगी पांच करोड़ की राशि

विधायक भूषण बाड़ा और डीसी कंचन सिंह की पहल रंग लाई, केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट निर्माण के लिए मिलेगी पांच करोड़ की राशि

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने घोषणा के महज कुछ दिनों के भीतर आगे बढ़ाई योजना, प्रथम चरण में आवंटित होंगे पांच करोड़ रुपये

सिमडेगा। 

जिले के पर्यटन विकास को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। सिमडेगा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट निर्माण की मांग अब धरातल पर उतरने की ओर अग्रसर है। विधायक भूषण बाड़ा और उपायुक्त कंचन सिंह की पहल तथा प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री सह योजना एवं विकास विभाग के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट निर्माण के प्रथम चरण के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने की पहल की है। विभागीय स्तर पर राशि आवंटन की अनुशंसा करते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि 20 अक्टूबर को सिमडेगा के अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय पीटर बाड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सिमडेगा पहुंचे थे। इस दौरान विधायक भूषण बाड़ा ने जिले में पर्यटन की असीम संभावनाओं को देखते हुए केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट निर्माण की आवश्यकता और इसकी उपयोगिता से मंत्री को अवगत कराया था। विधायक ने कहा था कि इको-रिसॉर्ट बनने से न केवल जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा जी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। विधायक की मांग और जिला प्रशासन की पहल पर वित्त मंत्री ने इको-रिसॉर्ट निर्माण के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया था। खास बात यह रही कि घोषणा के महज कुछ दिनों के भीतर ही 28 अक्टूबर को झारखंड सरकार के योजना एवं विकास विभाग की ओर से सिमडेगा उपायुक्त को पत्र जारी कर प्रथम चरण के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये आवंटित करने की अनुशंसा की गई। साथ ही योजना के निर्माण के लिए प्राक्कलन आदि तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। ताकि इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जा सके। 

विधायक से वित्त मंत्री से मिलकर जताया आभार

इधर घोषणा के तुरंत बाद विभागीय कार्रवाई शुरू होने पर रविवार को विधायक भूषण बाड़ा ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि केलाघाघ डैम में इको-रिसॉर्ट का निर्माण सिमडेगा के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे जिले की प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। विधायक ने कहा कि सिमडेगा प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपात, पहाड़ों और धार्मिक पर्यटन स्थलों से समृद्ध है। जरूरत है इन संभावनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की। इको-रिसॉर्ट निर्माण की दिशा में शुरू हुई यह पहल जिले के विकास को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Share this article